नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के व्यावसायिक केंद्र नेहरू प्लेस में देश के सबसे आधुनिक डाकघरों में से एक की शुरुआत की गई है. बता दें कि इस नए मॉडल पोस्ट ऑफिस को सिर्फ पारंपरिक डाक सेवाओं तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि यहां एक ही छत के नीचे बैंकिंग सुविधाओं के साथ पासपोर्ट केंद्र, डाक जीवन बीमा, आधार केंद्र और केंद्र सरकार की समस्त योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं मौजूद है.

लोगों को मिलेगी मल्टी- सर्विस सुविधा
यह नया डाकघर इंडिया पोस्ट की देशव्यापी आधुनिकीकरण योजना का हिस्सा है, जिसके तहत 17 राज्यों के 40 डाकघरों को नए स्वरूप में बदला जा रहा है. इस नए डाकघर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां नागरिकों को मल्टी- सर्विस सुविधा मिलेगी. अब लोगों को अलग- अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. डाकघर के नवीनीकरण के बाद यह देश में अपनी तरह का पहला डाकघर होगा.
यहां उपलब्ध सेवाओं में पासपोर्ट सेवा, आधार अपडेट, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की बैकिंग सुविधाएं, बीमा सुविधाएं, मनी ट्रांसफर एवं बचत योजनाएं, पार्सल और स्पीड पोस्ट सेवाएं और डिजिटल सहायता केंद्र शामिल है.
पारंपरिक छवि को बदलना उद्देश्य
पहले जहां देशभर में डाकघरों की संख्या सीमित थी, वहीं प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में यह 5500 से ज्यादा तक पहुंच गई है. सरकार का कहना है कि इस मॉडल पोस्ट ऑफिस का उद्देश्य डाकघरों की पारंपरिक छवि को बदलना है और लोगों को एक छत के नीचे सारी सुविधाएं देना है. अब डाकघर सिर्फ चिट्ठी और पार्सल तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें टेक्नोलॉजी आधारित ‘पब्लिक सर्विस सेंटर’ में बदला जा रहा है.