नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चिड़ियाघर घूमने वालों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि चिड़ियाघर प्रशासन ने ‘NZP Saathi’ नाम का एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. इसकी सहायता से पर्यटक बिना भटके पूरे चिड़ियाघर में आसानी से घूम सकते है. इस ऐप भी खास बात यह है कि यह ऑफलाइन मोड में भी काम करेगा. यदि इंटरनेट नहीं होगा, तो भी इस ऐप से लोकेशन और रास्ते की जानकारी आसानी से मिलती रहेगी.

ऐप में मिलेंगी यह सुविधाएं
चिड़ियाघर के डायरेक्टर डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि पर्यटक की राय लेने के लिए फिलहाल इस ऐप का बीटा वर्जन जारी किया गया है. वर्तमान में इसे चिड़ियाघर की वेबसाइट से लिंक नहीं किया गया है, लेकिन इसके जरिए ऑनलाइन टिकट बुक की जा सकती है. पर्यटकों को एप डाउनलोड करने के बाद चिड़ियाघर पहुंचते ही मोबाइल स्क्रीन पर पूरा रूट मैप दिखाई देगा. इस ऐप के जरिए बैटरी रिक्शा, ट्राली, वॉटर पाइंट से लेकर कौन सा जानवर कहां मिलेगा इसकी जानकारी भी मिलेगी.
इंटरनेट न होने पर करेगा काम
डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि यह ऐप GPS बेस्ट है और एक बार डाउनलोड होने के बाद इंटरनेट नहीं होने पर भी काम करेगा. चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार कई बार चिड़ियाघर के कुछ हिस्सों में नेटवर्क कमजोर हो जाता है. इसी समस्या को देखते हुए ऐप में ऑफलाइन मोड एक्टिव रखा गया है.
फाइनल वर्जन में 3 तरह के रूट दिए जाएंगे, जिसमें 1 या 2 घंटे का एक्सप्रेस रूट, 3 या 4 घंटे का फैमिली रूट और पसंदीदा जानवरों के हिसाब से एक्सप्लोरर रूट शामिल होगा. इसमें पर्यटकों को अपनी पसंद के अनुसार जानवरों और पक्षियों को देखने का मौका मिलेगा. फाइनल वर्जन में जानवर खुद अपनी कहानी बताएंगे. यह ऐप खासतौर पर बच्चों, स्कूल टूर और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए उपयोगी साबित होगा. इससे समय की बचत होगी और लोग इस चिड़ियाघर को अच्छे तरीके से एक्सप्लोर कर सकेंगे.