नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां विभिन्न इलाकों में लगभग पूरे मार्च महीने ही जलापूर्ति प्रभावित रहेगी. दिल्ली जल बोर्ड (DJB) द्वारा जारी बयान के अनुसार, नांगलोई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और अंडरग्राउंड जलाशयों की सफाई के चलते 10- 14 मार्च, 16- 20 मार्च, 22- 26 मार्च और 28 से 31 मार्च तक पानी की आपूर्ति कम दबाव में होगी या अस्थाई रूप से बाधित रहेगी.

इन इलाकों में प्रभावित रहेगी जलापूर्ति
दिल्ली जल बोर्ड का कहना है कि इन तारीखों पर नांगलोई, मुंडका, कमरुद्दीन नगर, निहाल विहार, रणहौला गांव, विकास नगर, उत्तम नगर, मटियाला, हस्तसाल और आसपास की कॉलोनियों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी या पानी नहीं आएगा.
नांगलोई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की सफाई व मरम्मत और अंडरग्राउंड जलाशयों की वार्षिक सफाई के कारण 12 से 13 मार्च तक वसंत कुंज (सेक्टर A, पाकेट B और C) शांति निकेतन, आदर्श अपार्टमेंट, सेंट्रल मार्केट और आसपास के इलाकों में पानी की समस्या रहेगी या पानी नहीं आएगा.
हेल्पलाइन नंबर जारी
DJB ने आगे बताया है कि 19 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका, मधु विहार, राजा पूरी, महावीर एनक्लेव, सेक्टर-9 और आसपास के क्षेत्रों में जल आपूति बाधित होगी. दिल्ली जल बोर्ड ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले ही आवश्यकतानुसार मात्रा में पानी स्टोर करने की सलाह दी है. साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में लोग टोल- फ्री हेल्पलाइन नंबर 1916 या संबंधित क्षेत्र के जल बोर्ड कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं.