नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में नई सरकार का गठन हो चुका है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) अपने फैसलों से जनता के बीच लोकप्रिय हो रही हैं. चाहे वह नदी- नालों की सफाई हो या यमुना की सफाई. इसके अलावा, उन्होंने पुलिस महकमे को लेकर भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनकी सराहना हो रही है. इसी कड़ी में अब राजधानी की माताओं और बहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस एक खास योजना लॉन्च करने जा रही है.
‘इव टीजिंग स्क्वाड’ की होगी तैनाती
राजधानी की पुलिस अब उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ‘एंटी रोमियो स्क्वायड’ की नीति अपनाने जा रही है. अब लड़कियों और महिलाओं पर बुरी नजर रखने वालों की खैर नहीं होगी. दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘इव टीजिंग स्क्वाड’ को लॉन्च करने की तैयारी कर ली है. इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने सर्कुलर जारी कर दिया है.
प्रशिक्षित टीमें लेंगी तुरंत एक्शन
इस स्क्वाड में प्रशिक्षित टीमें शामिल होंगी, जो रियल टाइम में उत्पीड़न की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करेंगी. इस टीम में पुरुष और महिला दोनों अधिकारी होंगे, जो सार्वजनिक स्थानों पर गश्त करेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. दस्ते में एक इंस्पेक्टर, एक सब- इंस्पेक्टर, चार महिला पुलिस अधिकारी, पांच पुरुष अधिकारी और विशेष स्टाफ/ एटीएस से एक पुलिस कर्मी शामिल होंगे. इसके अलावा, प्रत्येक दस्ते को एक चार पहिया वाहन और पर्याप्त दो पहिया वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
