नई दिल्ली | नए साल के दूसरे महीने से TV देखने के लिए अब आपको अपनी जेब पहले से अधिक ढीली करनी होगी. जी हां, फरवरी 2025 से आपको टीवी देखने के लिए ज्यादा रकम का भुगतान करना होगा क्योंकि बड़े टीवी ब्रॉडकास्टर्स ने चैनल्स के दाम बढ़ाने का फैसला किया है. यदि आप भी पेड DTH सर्विस का इस्तेमाल करते हैं, तो रिचार्ज के लिए अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.
यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है. जब देश में OTT प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता दिनों- दिन काफी तेजी से बढ़ रही हैं और डीटीएच सर्विस की जगह लोग Netflix, अमेजन प्राइम जैसी OTT ऐप्लिकेशन को ज्यादा पसंद कर रहे हैं.
कीमतें बढ़ने की वजह
चैनल की कीमतें बढ़ाने पर टीवी ब्रॉडकास्टर्स का कहना है कि कंटेंट तैयार करने की कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि विज्ञापनों से होने वाली कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. ऐसे में अच्छी क्वॉलिटी का कंटेंट देने के लिए चैनल्स की कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है. यही नहीं, ऑपरेटिंग कॉस्ट बढ़ने की वजह से भी यह कदम उठाया गया है.
कीमतों में होगी इतनी बढ़ोतरी
Economics Times की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिग्गज ब्रॉडकास्टर्स जैसे सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) और जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEEL) ने अपने चैनल पैकेज के प्राइस में 10% से ज्यादा की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वहीं, जियो स्टार ने भी अपने पैकेज के प्राइस बढ़ाने के संकेत पहले ही दे दिए हैं.
ताजा रिपोर्ट के अनुसार, SPNI ने अपने “हैप्पी इंडिया स्मार्ट हिंदी पैक” का प्राइस 48 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये करने का फैसला किया है, जबकि ZEEL ने “फैमिली पैक हिंदी SD” का प्राइस 47 रुपये से बढ़ाकर 53 रुपये करने का फैसला किया है, जिसमें अब “जी कैफे” नाम का एक इंग्लिश एंटरटेनमेंट चैनल भी शामिल किया गया है.
