नूंह में CM सैनी की मेगा रैली, विकास योजनाओं के साथ बड़े राजनीतिक संदेश के संकेत

नूंह | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज नूंह जिले के पुन्हाना स्थित अनाज मंडी में आयोजित ‘मेवात विकास संकल्प रैली’ को संबोधित करेंगे. मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 12:30 बजे रैली स्थल पर पहुंचेगा. प्रशासन और भाजपा संगठन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है.

CM Nayab Singh Saini

रैली स्थल पर 7 बुलडोजरों से फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा. कार्यक्रम में मेवात और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री अपने संबोधन के दौरान मेवात के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं.

संभावित ऐलानों पर टिकी नजरें

ऐसे में पूरे क्षेत्र की नजरें उनके संबोधन और संभावित ऐलानों पर टिकी हुई हैं. रैली का एक बड़ा राजनीतिक आकर्षण कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे एडवोकेट जावेद को लेकर भी है. चर्चा है कि वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं. यदि ऐसा होता है, तो इसे मेवात की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जाएगा.

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

रैली को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. मुख्यमंत्री की इस रैली को भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.