पंचकूला | हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने इस साल होने वाले तीन नगर निगम चुनावों पंचकूला, अंबाला और सोनीपत के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में तीन स्पेशल कमेटियों का गठन किया गया है. अच्छी बात यह है कि हर नगर निगम की चुनाव कमेटी में संबंधित जिलों के प्रधान तथा विधायकों को जगह दी गई है.
हरियाणा में सभी कमेटियों में होंगे पूर्व मुख्यमंत्री
हरियाणा विधानसभा में नेता विपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा को तीनों नगर निगम चुनाव कमेटियों में शामिल किया गया है. वहीं, प्रदेश के 3 बड़े सीनियर नेताओं को किसी भी कमेटी में जगह नहीं दी गई है. इनमें सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी शैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला और चौधरी वीरेंद्र सिंह शामिल हैं.
बता दें कि वर्तमान में सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी शैलजा पूर्व में अंबाला लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी है. ऐसे में उनको अंबाला नगर निगम चुनाव कमेटी में नजरंदाज करना वाकई चौंकाने वाला फैसला लग रहा है.
किस कमेटी में कौन- सा नेता शामिल
पंचकूला: प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा, अंबाला लोकसभा सीट से सांसद वरुण चौधरी, पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई और जिलाध्यक्ष संजय चौहान.
अंबाला: प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा, सांसद वरुण चौधरी, अंबाला सिटी से विधायक निर्मल सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चेतन चौहान, शहरी जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष (कैंट) परविंदर पाल सिंह और ग्रामीण जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान.
सोनीपत: प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा, सोनीपत लोकसभा सीट से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया, शहरी जिलाध्यक्ष कमल दीवान, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक जयवीर सिंह वाल्मीकि और जयभगवान अंतिल.
