पानीपत | खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. हरियाणा सरकार (Haryana Govt) के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा कल पानीपत दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने समालखा से चुलकाना धाम तक निकाली गई श्री श्याम भव्य यात्रा में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार चुलकाना धाम को देव दर्शन योजना के तहत विकसित करेगी. यह निशान यात्रा श्री नवयुवक खाटूश्याम मित्र मंडल और सम्राट कन्हैया के नेतृत्व में आयोजित की गई थी.
पैदल यात्रा के दौरान ‘हारे का सहारे की जय’ ‘ तीन बाणधारी की जय’ और ‘शीश के दानी की जय’ के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा. डॉ. अरविंद शर्मा ने भी इस मौके पर श्याम भक्तों को संबोधित किया.
तीर्थस्थल बनेगा चुकलाना धाम
कैबिनेट मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि चुकलाना धाम श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है. इसे देव भूमि के साथ बेहतरीन सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं द्वारा विकसित किया जाएगा, ताकि यहां आने वाले भक्तों को किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़े. उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से सभी चुकलाना धाम को चमकाएंगे और देव दर्शन स्थल बनाएंगे.
सनातन धर्म एकता का प्रतीक
मंत्री ने भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की तारीफ करते हुए कहा कि उनके विचार सनातन धर्म को मजबूत करने और लोगों को राष्ट्रीय एकता से जोड़ने वाले है. उनकी यह यात्रा श्रद्धालुओं के साथ साथ आम जनता में भी उत्साह पैदा करेगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब जी के नेतृत्व में सभी विकास कार्य किए जा रहे है. सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र में विकास सुनिश्चित करना है.
