पानीपत | त्यौहारी सीजन पर यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की घर वापसी को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने पानीपत जंक्शन से नांदेड़ जंक्शन तक स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. रेलवे अधिकारी ने बताया कि त्यौहारी सीजन खत्म होने के बाद अब यात्री अपने ठिकानों पर वापस लौटने लगे हैं. जिसकी वजह से ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है. ऐसे में नई ट्रेन के संचालन से यात्रियों को फायदा पहुंचेगा.
1 सप्ताह तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
पानीपत रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि पानीपत- नांदेड़ स्पेशल ट्रेन 29 अक्टूबर से 1 सप्ताह तक चलेगी. उन्होंने बताया कि पानीपत की पहचान एक बड़े औद्योगिक क्षेत्र के रूप में होती है. जहां हरियाणा सहित कई राज्यों के लोग काम करते हैं. यहां दिवाली और छठ पर्व पर अपने घरों को गए श्रमिक अब वापस लौटने लगे हैं, जिसके चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ चुकी है लेकिन अब नई ट्रेन के संचालन से यात्रियों को राहत पहुंचेगी.
निरंकारी संत समागम के लिए ठहराव करेगी कई ट्रेनें
समालखा में होने वाले संत निरंकारी समागम को देखते हुए रेलवे ने भोड़वाल माजरी स्टेशन पर लंबी दूरी की कई ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान की है. रेलवे विभाग ने माजरी स्टेशन पर 32 ट्रेनों के अस्थाई ठहराव को मंजूरी दी है. इसके अलावा पानीपत रेलवे स्टेशन पर भी इन ट्रेनों को 2 मिनट का ठहराव दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को राहत पहुंच सकें. इससे श्रद्धालुओं के लिए संत समागम में आना और जाना आसान हो जाएगा.
