नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों के चलते सभी पार्टियों ने कमर कस ली है. कोई भी पार्टी अपनी तरफ से कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आम आदमी पार्टी को अबकी बार चुनावी रण में धूल चटाने की तैयारी कर ली है.
बीजेपी इन चुनावों में बिना मुख्यमंत्री के चेहरे में के ही मैदान में उतरेगी. पार्टी इसी महीने के अंत तक अपने उम्मीदवारों के नामों को भी फाइनल कर देगी. पार्टी राज्य स्तर पर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन कर रही है, जिन्हें केंद्रीय चुनाव समिति के सामने पेश किया जाएगा.
BJP करेगी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक
संसद सत्र की समाप्ति के बाद पर सभी प्रमुख दल इन चुनावों की तैयारी में जुटे हुए नजर आ रहे हैं. कांग्रेस और आप द्वारा अपने कई उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी गई है, लेकिन बीजेपी अभी भी इन नाम को फाइनल नहीं कर पाई है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने जानकारी दी कि इस महीने के अंत तक केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक संपन्न होगी. दिल्ली की केवल 70 सीटों के लिए ही चुनाव होने हैं. इसलिए इस बैठक में सभी नामों पर विचार कर लिया जाएगा.
केजरीवाल के खिलाफ अपनाएगी ये रणनीति
उम्मीद है कि नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल के सामने पार्टी अपने मजबूत उम्मीदवार को खड़ा करेगी. कांग्रेस इस सीट से संदीप दीक्षित को टिकट दे चुकी हैं. फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दे पर घेरती नजर आएगी. ‘आप’ के कथित शराब घोटाले और उसके कई मंत्रियों के जेल जाने को भ्रष्टाचार से जोड़कर मुद्दा बनाया जाएगा. इसके अलावा, भाजपा कई लोक लुभावन घोषणाएं भी कर सकती हैं.
