नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बहुमत हासिल कर सत्ता पर कब्जा कर लिया है. अब 24 फरवरी से 27 फरवरी तक 4 दिन के लिए नवगठित भाजपा सरकार ने विधानसभा सत्र बुलाया है, जिसमें सभी विधायक शपथ लेंगे. इसके अलावा, 5 साल से लंबित कैग की 14 रिपोर्ट को भी प्रस्तुत किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी.
दिल्ली में जल्द होंगे बड़े बदलाव: रेखा शर्मा
परिवहन मंत्री बने डॉ. पंकज सिंह ने मंत्री पद का चार्ज लेने के बाद दिल्ली की परिवहन व्यवस्था पर चर्चा करने और विभाग की समस्याओं को जानने के लिए अधिकारियों की बैठक बुलाई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है और जल्दी वह दिल्ली में बड़े बदलाव करेंगे. उन्होंने आम आदमी पार्टी पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि उन्हें अपनी और अपनी पार्टी की ही चिंता है. हम लोग अपना काम करने आए हैं और काम करके रहेंगे.
सरकार करेगी अपने वायदे पूरे
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का जो भी एजेंडा था हम उसे पूरा करने में एक दिन भी नहीं गवाएंगे. नई सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने बताया कि हम अपने वायदों को पूरा करने के लिए जी जान लगा देंगे. सरकार हर हाल में अपने सभी वायदों को पूरा करेगी. बीते 10 सालों से लोगों ने दिल्ली में सरकार का कुशासन देखा है. उन्होंने दिल्ली को बदहाल कर दिया. अब जनता देखेगी की कैसे दिल्ली में सभी काम पूरे होते हैं.
