सोनीपत | हरियाणा के लिए दिल्ली मेट्रो के विस्तार से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली सरकार ने मेट्रो के चौथे चरण के तहत शेष तीनों कॉरिडोरों के लिए अपने हिस्से का फंड जारी कर दिया है जिससे लंबे समय अटके प्रोजेक्ट्स अब रफ्तार पकड़ेंगे.

सोनीपत को नई सौगात
इस फैसले का सबसे बड़ा लाभ सोनीपत जिले को मिलेगा क्योंकि रिठाला- कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के माध्यम से सोनीपत जिले को पहली बार सीधी दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे न केवल स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों की डगर भी आसान हो जाएगी.
6,230 करोड़ रुपए की परियोजना
दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण का करीब साढ़े 26 किलोमीटर लंबा और महत्वपूर्ण कॉरिडोर रिठाला से कुंडली तक प्रस्तावित है. इस स्टेशन पर 1 अंडरग्राउंड और 21 स्टेशन प्रस्तावित है. यह मेट्रो लाइन दिल्ली के रिठाला से शुरू होकर रोहिणी के विभिन्न सेक्टरों, बवाना और नरेला होते हुए कुंडली व नाथुपुर (सोनीपत) तक पहुंचेगी. इस बड़ी मेट्रो परियोजना पर कुल लागत 6,230.99 करोड़ रुपए तय की गई है.
हजारों यात्रियों का सफर बनेगा आरामदायक
कुंडली, नाथुपुर, नरेला और आसपास के क्षेत्रों से रोजाना हजारों की संख्या में लोग काम, शिक्षा और व्यवसाय के लिए दिल्ली आवागमन करते हैं. ऐसे में मेट्रो सेवा उपलब्ध होने पर लंबी दूरी की बसों और निजी वाहनों से निर्भरता कम होगी, जिससे न केवल कम समय में सफर तय होगा बल्कि सड़कों से ट्रैफिक दबाव भी कम करने में मदद मिलेगी.
औद्योगिक और शैक्षणिक विकास भी नई रफ्तार पकड़ेगा. कुंडली सिंधु बॉर्डर के पास स्थित कुंडली, नाथुपुर और राई औद्योगिक क्षेत्र को दिल्ली- NCR से से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. वहीं, सोनीपत की राई एजुकेशन सिटी में मौजूद कई यूनिवर्सिटी में शिक्षा ग्रहण करने वाले लाखों स्टूडेंट्स को मेट्रो सुविधा मिलने से दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों के लिए आवागमन सुगम हो जाएगा.