नई दिल्ली, Weather Update | राजधानी दिल्ली सहित NCR इलाके में नए महीने जून की शुरुआत आंधी- तूफान और बरसात के साथ हुई है. रविवार को यहां के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली है. कई जगहों पर आंधी तूफान से भी लोगों को सामना करना पड़ा है. हालांकि, इससे भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है. मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा.
5 जून तक ऐसा रहेगा मौसम
विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, 2 से 5 जून के दौरान चार दिन आंधी के साथ बरसात के आसार बने हुए हैं. आज भी दिल्ली में आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. बता दें कि विभाग ने दिल्ली सहित एनसीआर के इलाकों में 3 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
नोएडा- गाजियाबाद में भी अलर्ट
2 जून से 4 जून तक आंधी तूफान के साथ बरसात का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं. इन सबके बावजूद तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
राजधानी से सटे गाजियाबाद और नोएडा में भी 3 दिन के लिए अलर्ट जारी किया गया है. गाजियाबाद में आंधी और बरसात के साथ धूल भरी हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है. ऐसा ही मौसम नोएडा में भी देखने को मिलेगा, जहां का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया जा सकता है.
