हिसार | आज 7 दिसंबर को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने मौसम अलर्ट जारी करते हुए बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते 8 दिसंबर से प्रदेश में हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा. वहीं, उत्तर- पश्चिमी हवाएं चलने से 8 दिसंबर की रात और 9 दिसंबर को आमतौर पर मौसम परिवर्तनशील रहेगा.
हल्की बरसात की संभावना
उत्तर व दक्षिणी पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं- कहीं हल्की बरसात और छिटपुट बूंदाबांदी भी देखने को मिलेगी. उसके बाद, 10 से 13 दिसंबर के दौरान आमतौर पर मौसम खुश्क बना रहेगा और हल्की गति से उत्तरी व उत्तर- पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. इस दौरान प्रदेश के कुछ एक इलाकों में अलसुबह धुंध या स्मॉग भी छाया रहेगा.
सिंगल डिजिट में पहुंचा कई जिलों का तापमान
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है, लेकिन पहाड़ों से बह कर आ रही ठंडी हवाओं से मैदानी इलाकों में भी मौसम में परिवर्तन देखने को मिला है. हरियाणा में बीते दो दिनों से दिन और रात के तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है. आलम यह है कि प्रदेश के ज्यादातर जिलों का तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गया. हिसार का सबसे कम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया. करनाल में 6.5 डिग्री, पानीपत में 8.8 डिग्री, भिवानी 8.3 डिग्री, चंडीगढ़ 7.9 डिग्री और सिरसा 9.6 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया.
