गुरुग्राम | देश भर के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं. इसी क्रम में दिल्ली- NCR के भी कई इलाके जबरदस्त गर्मी का सामना कर रहे हैं. सोमवार को गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है. वहीं, न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. ऐसे गर्म और उमस भरे मौसम में लोगों को बाहर निकलने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
दिन निकलने के साथ ही सूरज की प्रचंड किरणों से आम जनजीवन अस्त- व्यस्त होता नजर आया. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. बाजार भी सुनसान नजर आए. सड़कों, बाजारों और गलियों में कर्फ्यू जैसा दृश्य दिखाई दिया. इसी बीच मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया, जिसके अनुसार 24 मई को जिले में हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं. इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन तापमान में गिरावट की संभावना नहीं जताई गई है.
अभी नहीं मिलेगी राहत
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में 25 मई तक आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं. गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं. आने वाले दिनों में अभी और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में इसी प्रकार का मिला- जुला मौसम बना रहेगा. गुरुग्राम में आंशिक तौर पर बदलवाही देखने को मिलेगी. बीच- बीच में हल्की बरसात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
