हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा में सोमवार से फिर मौसम परिवर्तनशील होने की संभावना जताई जा रही है. इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी. एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दो दिन बुंदाबांदी की संभावना है, जिससे बढ़े हुए प्रदूषण से राहत मिलेगी. साथ ही, हल्की ठंड का आभास होगा.
पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में अरब सागर और दक्षिण- पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. 27 अक्तूबर को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसके असर से प्रदेश के दक्षिणी जिलों में 2 दिन के दौरान हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी. इससे बढ़ते प्रदूषण पर भी रोक लगेगी. साथ ही, ठंड भी अपना रंग दिखाएगी.
प्रदूषण के कण अधिक
आने वाले दिनों में दिन का तापमान 25 से 30 डिग्री और रात का तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाएगा. इधर हिसार में दिनभर AQI 200 से नीचे रहा, जो दर्शाता है कि शहर में प्रदूषण की मात्रा सामान्य है. पीएम 2.5 मात्रा 200 से 300 के बीच रही, जो दर्शाती है कि हवा में प्रदूषण के कण अधिक है.
