नई दिल्ली, Delhi Weather Update | राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है, लेकिन अगले महीने के शुरुआती दिनों से ही लोगों को गर्मी का एहसास होना शुरू हो सकता है. फरवरी के पहले सप्ताह में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में काफी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे ठंड कम महसूस होगी. जनवरी की तरह फरवरी की शुरुआत भी अपेक्षाकृत गर्म रहने की संभावना है. वहीं, बारिश होने की संभावना बहुत कम बनी हुई है.
राजधानी में तापमान का रुझान
रविवार को तेज हवा के चलते सुबह और शाम को ठंड का एहसास हुआ था, जिससे तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बीते 8 सालों में 26 जनवरी सबसे गर्म रहा, जबकि न्यूनतम तापमान लगातार चौथे दिन 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया.
सोमवार को अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखी गई. यह सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा. लगातार 5वें दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
राजधानी में सबसे गर्म इलाका पीतमपुरा
ठंड के मौसम में सबसे गर्म इलाका पीतमपुरा रहा. यहाँ का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. विभाग का कहना है कि 29 जनवरी से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. उसके बाद, 3 फरवरी तक अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा.
बारिश के आसार बेहद कम
29 जनवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बावजूद बारिश की संभावना नहीं है. 1 फरवरी से 3 फरवरी के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे हल्की ठंड महसूस की जा सकती है. हालांकि, फरवरी के दूसरे सप्ताह से तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है.
