हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. उन्होंने बताया कि बीते चार दिनों से मानसून टर्फ उत्तर की ओर बने रहने के कारण प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय है. इसके चलते राज्य के अधिकतर इलाकों में बारिश की गतिविधियों में इजाफा हो रहा है.
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं
मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा सूरतगढ़, भिवानी, अलीगढ़, बांदा, डाल्टागंज, दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इस कारण बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं हरियाणा की ओर आने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 जुलाई तक प्रदेश का मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा. 11 से 13 जुलाई के दौरान हवाओं और तेज गरज चमक के साथ बरसात की संभावना बनी हुई है.
कई जिलों में तेज बरसात के आसार
14 और 15 जुलाई को उत्तरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, वहीं, दक्षिण- पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बरसात हो सकती है. इससे वातावरण में नमी बनी रहेगी. आज 11 जुलाई को मौसम विभाग ने 9 जिलों चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और हिसार के लिए चेतावनी जारी की है. इन जिलों में हवाओं और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के चलते राज्य का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है.
12 और 13 जुलाई को भी बरसात का अनुमान
12 जुलाई को पलवल, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में ज्यादातर इलाकों में बरसात हो सकती है. वहीं पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर में कहीं- कहीं बारिश हो सकती है. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में भी कुछ जगहों पर बरसात के आसार हैं. 13 जुलाई को भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में 50 से 75% बरसात की संभावना जताई गई है. जबकि फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में 25 से 50% तथा सिरसा में 25% बरसात का अनुमान है.
