नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से सूरज देवता मेहरबान नजर आ रहे हैं. यहाँ ठंड से राहत मिली है और हल्की गर्मी महसूस की जा रही है. इसी बीच दिल्लीवासियों के लिए एक राहत भरी खबर आई है. बता दें कि दिल्ली- एनसीआर में सर्दी की पूरी तरह से विदाई नहीं हुई है. मौसम विभाग द्वारा यहाँ आज और कल पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बरसात की संभावना जताई गई है.
आज ऐसा रहेगा वेदर
भारत मौसम विज्ञान विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर आरके जेनामणि ने बताया की दिल्ली- एनसीआर इलाके में आज शाम को हल्की बरसात की संभावना बनी हुई है. आज राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है. नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
2 दिन होगी बरसात
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज और कल 2 दिन दिल्ली- एनसीआर इलाके में हल्की बरसात के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं. इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 22 फरवरी तक इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा. दिन के समय बादलों की आवाजाही लगी रहेगी और वातावरण में ठंड भी बरकरार रहेगी. उसके बाद, आने वाले दिनों में मौसम साफ हो जाएगा.
