यमुनानगर | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा शहरी क्षेत्र के किरायेदारों एवं बेघरों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अब योजना के दूसरे चरण में नगर निगम क्षेत्र के 2927 पात्र लोगों को प्लॉट आवंटित किए जाएंगे. इस संबंध में सरकार द्वारा हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
जिन आवेदकों ने सितंबर 2023 में योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराया था, उनमें से पात्र लोगों की लिस्ट नगर निगम के पास भेज दी गई है. साथ ही, पात्र आवेदकों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर सूचना भी दी गई है.
करें ऑनलाइन बुकिंग
पात्र व्यक्ति अगले महीने की 15 तारीख तक पोर्टल पर जाकर प्लॉट की बुकिंग कर सकते हैं. जो व्यक्ति ऑनलाइन बुकिंग करने में असमर्थ हैं, वे कन्हैया साहिब चौक स्थित नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर 15 में संपर्क कर सकते हैं, जहां उन्हें लिस्ट में नाम देखकर बुकिंग की सुविधा दी जायेगी.
ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही पात्रों को प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर प्रदान किए जायेंगे. इसके पश्चात, ड्रॉ प्रक्रिया के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र में लगभग 30 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए जायेंगे. बता दें कि सितंबर, 2023 में मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी) का शुभारंभ तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्टर ने यमुनानगर से ही किया था.
पात्रता मानदंड
- फैमिली आईडी में दर्ज सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपए या इससे कम होनी चाहिए.
- परिवार के पास कोई स्थायी आवास नहीं होना चाहिए.
- इसी पात्रता के आधार पर ही ऐसे परिवारों को मकान निर्माण हेतु प्लाट या फ्लैट आवंटित किए जाते हैं.
