नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों का अपना घर लेने का सपना जल्द ही पूरा होने वाला है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की ओर से प्रधानमंत्री कर्मयोगी आवास योजना (PM- KAY) के रजिस्ट्रेशन 19 दिसंबर से शुरू हो रहे है. इसके लिए बुकिंग प्रक्रिया 14 जनवरी 2026 से शुरू होगी और 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगी. इसमें पहले चरण में नरेला के सेक्टर A1 से A4 पॉकेट के 9 में तैयार कुल 1168 फ्लैट के लिए सभी कार्यरत सरकारी कर्मचारियों, सेवानिवृत सरकारी कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे.

यह कर्मचारी कर सकेंगे आवेदन
इन फ्लैटों पर सरकारी कर्मचारियों को 25% छूट मिलेगी. इसमें 1BHK के 320 फ्लैट, 2BHK के 576 फ्लैट और 3BHK के 272 फ्लैट शामिल है. इन फ्लैट के लिए केंद्र सरकार, देशभर के राज्य सरकारों, PSU, नगर निकायों के विभागों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी और सभी प्रकार के रिटायर सरकारी कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे. दिल्ली पुलिस, CISF, CRPF, MCD, दिल्ली सरकार और अन्य राज्य सरकारों के सभी विभागों के सरकारी कर्मचारी फ्लैटों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे.
DDA अधिकारियों ने बताया कि कर्मयोग आवासीय योजना के तहत फ्लैट्स का ऑनलाइन पंजीकरण DDA की वेबसाइट पर शुरू होगा. कर्मचारी इस वेबसाइट पर बुकिंग करा सकेंगे. इन फ्लैटों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर बुक कराया जा सकेगा.
एक कमरे तक के फ्लैट
DDA के अधिकारियों ने बताया कि कर्मयोगी आवासीय योजना के तहत नए फ्लैट नरेला के पॉकेट 9 में सेक्टर A1 से A4 में बनाए गए है. इसमें 3BHK के HIG फ्लैट, 2BHK के MIG फ्लैट और एक कमरे तक के फ्लैट समेत कुल 1168 फ्लैट शामिल किए गए है. 2 और 3BHK के फ्लैट की कीमत करोड़ रुपए तक जा सकती है.