दिग्विजय की शादी के बहाने चौटाला परिवार में बढ़ी नजदीकियां, OP चौटाला को निमंत्रण देने पहुंचे अजय चौटाला

गुरुग्राम | हरियाणा में इन दिनों चौटाला परिवार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का माहौल गर्म बना हुआ है. कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था तो वहीं अब जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला और दिग्विजय चौटाला ओपी चौटाला से मिलने गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर पहुंचे.

Om Prakash Chautala

दिग्विजय चौटाला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दादा ओमप्रकाश चौटाला के साथ फोटो शेयर की है. जिसमें उन्होंने लिखा है कि ‘प्रभु हमारी परीक्षा लेते हैं और वे ही हमें उसमें उत्तीर्ण होने की सामर्थ्य भी देते हैं’. बता दें कि मार्च में दिग्विजय चौटाला शादी कर अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. इस मुलाकात के दौरान दिग्विजय की शादी समारोह को लेकर चर्चा की गई है और उन्हें सभी समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया है.

दिग्विजय चौटाला की शादी के बहाने चौटाला परिवार को फिर से एक करने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि, ये तो आने वाला समय ही बताएगा कि चौटाला परिवार एकजुट होता है या फिर सियासी राहें जुदा ही रहेगी लेकिन खास बात यह है कि इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला भी पहले के मुकाबले नरम पड़ते दिखाई दे रहें हैं.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम वालों के लिए खुशखबरी, अंबेडकर चौक पर बनेगा 38 करोड़ का फ्लाईओवर; खत्म होगा ट्रैफिक जाम

गोहाना रैली में हुई थी दोफाड़

2018 में गोहाना रैली में ही INLD के दोफाड़ होने की नींव रखी गई थी. इस रैली के बाद चौटाला परिवार में ऐसी फूट पड़ी कि ओमप्रकाश चौटाला के दोनों बेटों अजय चौटाला और अभय चौटाला की आपसी खींचतान सड़क तक आ गई थी. राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते ओपी चौटाला के दोनों बेटों ने अपनी राजनीतिक राह अलग चुन ली थी. दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला अभय चौटाला को लेकर तो तीखे बयान देते रहे हैं लेकिन ओमप्रकाश चौटाला के प्रति शुरू से ही नरमी दिखाई है.

अभय चौटाला ने नहीं दिया था निमंत्रण

पिछले साल अभय चौटाला के दोनों बेटों करण और अर्जुन की शादी हुई थी और इस शादी समारोह में अजय चौटाला के परिवार की गैरमौजूदगी ने सभी को हैरानी में डाल दिया था. बाद में जानकारी सामने आई कि अभय चौटाला ने अजय चौटाला के परिवार को निमंत्रण ही नहीं दिया था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.