भिवानी हत्याकांड में आया नया मोड़: हरियाणा पुलिस ने किया राजस्थान के 30-40 पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज

भिवानी | हरियाणा के भिवानी हत्याकांड प्रकरण में हरियाणा और राजस्थान के पुलिस आमने- सामने हो चुकी है. हरियाणा पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर मंगलवार (21 फरवरी) को राजस्थान पुलिस के करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह मामला हरियाणा में दो लोगों (जुनैद और नासिर) के अपहरण और हत्या से जुड़ा है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक श्रीकांत पंडित की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू के अजन्मे बच्चे की मौत राजस्थान पुलिसकर्मियों की पिटाई से हुई है.

Bhiwani Murder Case Junaid Nasir

आरोपी श्रीकांत पंडित की मां दुलारी देवी ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत पिटाई से हुई है. हालांकि, राजस्थान पुलिस ने महिला के आरोपों का खंडन किया है. श्रीकांत पंडित दो लोगों के अपहरण और हत्या के मामले में आरोपी है. पंडित स्थानीय बजरंग दल के नेता मोनू मानेसर के नेतृत्व वाले गौ रक्षा दल के सदस्य हैं.

गर्भपात की लगाई धाराएं

नूंह एसपी वरुण सिंगला ने बताया कि आरोप दर्ज कर लिया गया है. मामले में गर्भपात की धाराएं लगाई गई हैं. शिकायत के आधार पर 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने कहा कि बच्चे की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है क्योंकि फोरेंसिक लैब से विसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. मृत बच्चे की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए रविवार को पुलिस व परिजनों की मौजूदगी में उसका शव खोद कर निकाला गया.

पंडित की मां ने लगाए ये आरोप

पंडित की मां ने यह भी आरोप लगाया कि राजस्थान पुलिस के लगभग 40 कर्मी जबरन उनके घर में घुसे, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनके दो अन्य बेटों को जबरन अपने साथ ले गए. इससे पहले राजस्थान के भरतपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने दावा किया था कि राजस्थान और हरियाणा पुलिस के जवान पंडित के घर गए थे लेकिन वे घर के अंदर नहीं घुसे थे.

राजस्थान पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

श्याम सिंह ने कहा था कि आरोपी वहां मौजूद नहीं था. उसके दोनों भाई घर से निकले और पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया. महिला द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं. उसके परिवार का सदस्य आरोपी है इसलिए वह आरोप लगा रहा है. गौरतलब है कि गुरुवार को हरियाणा के भिवानी के लोहारू में दो लोगों के शव मिले थे. दोनों शवों की पहचान जुनैद और नासिर के रूप में हुई, जिन्हें राजस्थान के भरतपुर से अगवा किया गया था.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.