हिसार । जींद के ढाकल गांव से गोलियां चला कर हत्या करने की कोशिश करने का मामला सामने आया है. सदर थाना पुलिस द्वारा हिसार के जींद के ढाकल गांव हाल सातरोड खुर्द के रहने वाले सोनू की शिकायत पर उसके ही भाई फिरोज पर गोलियां चलाकर हत्या करने की कोशिश करने के इल्जाम में जोगसी के रहने वाले कपिल और चानौत के रहने वाले टोनू के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है.
सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि लगभग 20 वर्ष पहले चानौत के रहने वाले गुगन के साथ मेरी बहन शीला का विवाह हुआ था. गुगन के ताऊ का बेटा टोनू है. मेरा भाई फिरोज 10 जनवरी को घर मिलने आया था. उस समय मैं और फिरोज घर में शराब पी रहे थे.
कहासुनी में हुई हाथापाई फिर चला दी गोलियां
लगभग 2 घंटे के पश्चात टोनू और जागसी गांव का रहने वाला कपिल बाइक पर सवार होकर उनके घर आया था. वह दोनों भी हमारे साथ बैठकर शराब पीने लगे. इस दौरान उन्होंने मेरे भाई फिरोज के साथ बहस करनी आरंभ कर दी. उनमें हाथापाई भी हो गई.
टोनू ने फिरोज को जान से मारने की नियत से उस पर पिस्तौल निकालकर गोलियां चला दी. फिरोज ने उसकी पिस्तौल को हाथ मार दिया था इससे फिरोज को गोली हाथ को छूते हुए पेट में लग गई. इसके बाद दोनों आरोपी हमारे घर से भाग गए. मैंने उन दोनों को पकड़ने का बहुत प्रयास किया लेकिन वह मेरे हाथ नहीं आए.
