चंडीगढ़ | हरियाणा में बेलगाम अफसरशाही पर अंकुश लगाने के लिए खट्टर सरकार एक्शन मोड में आ गई है. फील्ड से लगातार आ रही शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सरकार ने आदेश जारी किया है कि अब अधिकारी अपनी मर्जी से स्टेशन नहीं छोड़ सकेंगे. सरकार ने कड़े लहजे में कहा है कि अगर कोई अधिकारी आदेशों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने आदेश जारी कर कहा है कि किसी भी संवेदनशील स्थिति में जिलें में कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए तैनात सभी फील्ड अधिकारियों यानि डीसी, पुलिस अधीक्षक और उपमंडल अधिकारी (नागरिक) को पूर्व अनुमोदित टूर कार्यक्रम के अलावा अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ना होगा. सभी अधिकारियों को इन आदेशों की पालना करनी होगी. यदि कोई अधिकारी लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल, प्रदेश सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि अधिकारी बिना किसी सूचना के स्टेशन छोड़ रहे हैं और अपनी मर्जी से आवागमन कर रहे हैं. ऐसे काफी अधिकारियों की संख्या का आंकड़ा सामने आया है जो प्रतिदिन अपने जिले को छोड़कर दूसरे जिलों में जातें हैं.
बता दें कि गत दिनों हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने आदेश जारी किया था कि सभी अधिकारी प्रतिदिन दो घंटे पब्लिक डीलिंग करेंगे. अधिकारी सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आमजन की समस्याएं सुनेंगे और इस दौरान सरकार कोई वीडियो कान्फ्रेंसिंग या बैठक का आयोजन नहीं करेगी.
