भिवानी | हरियाणा के कई गांवों में लोगों को मुख्य सड़क या हाईवे तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और किसानों का समय खराब होता है लेकिन अब भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिलने वाली है। यहां एक नए सड़क मार्ग को मंजूरी मिल गई है।

बवानीखेड़ा बाइपास से कुंगड़ और पुर गांव होते हुए भिवानी-हांसी हाईवे को एनएच-148 से जोड़ने वाले मार्ग को स्वीकृति मिली है। इससे आसपास के करीब 10 गांवों को सीधी सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण पिछले तीन साल से इस मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे।
इनको मिलेगा फायदा
नए मार्ग से पुर, कुंगड़, तालू, सौरखी, धनाना, जताई, सिवाड़ा और मंढाणा सहित आसपास के गांवों को फायदा होगा। फिलहाल, इन क्षेत्रों के लोगों को हाईवे तक पहुंचने के लिए तिगड़ाना मोड़ की तरफ से जाना पड़ता है। इससे करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। सड़क बनने के बाद भिवानी और हांसी की ओर आवाजाही आसान होने के साथ समय और ईंधन की बचत होने की उम्मीद है।
किसानों को भी राहत
नई सड़क से किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। वहीं, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरी करने वाले लोगों और स्थानीय कारोबारियों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। भैणी जाटान के सरपंच सुनील और कुंगड़ के सरपंच रोहित ने मंजूरी पर खुशी जताते हुए जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
इसी बीच विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने बताया कि ग्रामीणों की मांग को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।