हिसार | हरियाणा में खेती करने वाले किसानों के लिए समय पर सिंचाई का पानी मिलना बेहद जरूरी है लेकिन कई गांवों में नहरों और माइनरों की खराब हालत के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। हिसार जिले के तीन गांवों में भी लंबे समय से ऐसी ही समस्या बनी हुई थी। अब सरकार ने इसे दूर करने के लिए करोड़ों रुपये के काम को मंजूरी दे दी है।

हिसार जिले की धान्सू माइनर और धान्सू सब माइनर के जीर्णोद्धार के लिए 370.87 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। बरवाला के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के प्रयासों से यह मंजूरी मिली है। दोनों माइनरों की हालत करीब 41 साल से खराब बताई जा रही है।
किसानों को मिलेगा फायदा
इस परियोजना से धान्सू, सुलखनी और बुगाना गांवों के किसानों को राहत मिल जाएगी। दरअसल, माइनरों के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से सिंचाई का पानी आगे नहीं पहुंच पाता था। खासकर अंतिम छोर पर मौजूद खेतों में पानी की कमी बनी रहती थी। अब मरम्मत और पुनर्निर्माण के बाद खेतों तक पानी की आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। सिंचाई विभाग की योजना के अनुसार, धान्सू माइनर की आरडी 0 से 23000 तक और धान्सू सब माइनर की आरडी 0 से 13000 तक जीर्णोद्धार किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
ग्राम पंचायत धान्सू के सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत वर्मा ने बताया कि किसान लंबे समय से माइनरों की मरम्मत की मांग कर रहे थे। बता दें कि इस काम के लिए करीब 3.71 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने इस फैसले के लिए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा का आभार जताया।
वहीं, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास सांगा के अनुसार, विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है। काम पूरा होने पर तीनों गांवों की सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा।