नूंह | हरियाणा के नूंह जिले में रहने वाले ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते लोगों को कई बार इलाज और सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए दूर जाना पड़ता है। अब जिले के कई गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण इलाकों में 8 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने को मंजूरी दे दी है। बता दें कि हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने इस फैसले की जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि नूंह जिले के 8 गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सरकार के इस कदम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
खुलेंगे स्वास्थ्य केंद्र
सरकार की ओर से जिन गांवों में उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दी गई है, उनमें मानौत, खानपुर घाटी, झारपुरी, सलम्बा, बादली, गुरनावट, पापड़ा और रायपुरी शामिल हैं। इन गांवों में केंद्र स्थापित होने के बाद स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती
नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खुलने से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं प्राथमिक देखभाल के लिए नजदीक में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल सरकार ने इन केंद्रों को खोलने की मंजूरी दी है। इनके निर्माण, संचालन शुरू होने की तारीख और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।