चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी नौकरी के लिए चयनित होने के बाद प्रशिक्षण ले रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। खासकर पटवारी बनने की तैयारी कर रहे नवचयनित अभ्यर्थियों को अब प्रशिक्षण के दौरान पहले से ज्यादा पैसा मिलेगा। सरकार ने उनका मासिक मानदेय बढ़ाने के फैसले को लागू करने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

हरियाणा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवचयनित पटवारियों का मासिक मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 19,900 रुपये कर दिया गया है। निदेशक भू-अभिलेख ने शनिवार को सभी उपायुक्तों और संबंधित विभागों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
हर महीने मिलेंगे इतने रुपये
नई व्यवस्था के तहत पटवारियों को प्रशिक्षण अवधि में पहले के मुकाबले हर महीने 9,900 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। सरकार ने इसके लिए एक सितंबर 2026 को सेवा नियमों में संशोधन की अधिसूचना जारी की थी। बता दें कि बढ़े हुए मानदेय का लाभ एक जनवरी 2025 से प्रभावी होगा। पात्र पटवारियों को पिछली अवधि का बकाया भुगतान भी मिलेगा।
हालांकि, जिन पटवारियों ने एक जनवरी 2025 के बाद पटवार प्रशिक्षण स्कूल में प्रवेश लिया है, उन्हें उनकी वास्तविक ज्वाइनिंग तारीख से बढ़ा हुआ मानदेय दिया जाएगा।
वहीं, अन्य नवचयनित पटवारियों के लिए मानदेय की गणना के उद्देश्य से एक जनवरी 2025 को ज्वाइनिंग तारीख माना जाएगा।
रिकॉर्ड जांचने के निर्देश
इसी बीच भू-अभिलेख निदेशालय ने अधिकारियों को पात्र पटवारियों का रिकॉर्ड जांचने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नियमित नियुक्ति के लिए भेजी गई नवचयनित पटवारियों की सूची का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों की सूची से मिलान किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद पात्र कर्मचारियों को संशोधित मानदेय और बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा।