हरियाणा में सरसों तेल वितरण के बदले नियम, अब 2 लीटर की जगह मिलेगी इतनी मात्रा

रेवाड़ी | हरियाणा में सरकारी राशन डिपो से सस्ता राशन लेने वाले परिवारों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। लंबे समय से सरसों तेल मिलने का इंतजार कर रहे लोगों को अब दोबारा डिपो से तेल उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, इस बार वितरण का तरीका बदल दिया गया है। अब परिवार में सदस्यों की संख्या के आधार पर तेल की मात्रा तय होगी।

Sarso Tel Niyam

हरियाणा सरकार ने बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के परिवारों को राशन डिपो से सरसों तेल देने की व्यवस्था फिर बहाल कर दी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार, प्रदेश के करीब 39.89 लाख परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। तेल का वितरण 21 अक्टूबर से शुरू करने की योजना है।

इतना मिलेगा सरसों तेल

नई व्यवस्था के तहत दो यूनिट तक वाले राशन कार्ड पर 500 एमएल सरसों तेल मिलेगा। वहीं, तीन से छह यूनिट वाले कार्ड पर एक लीटर और छह से अधिक यूनिट वाले कार्ड पर डेढ़ लीटर तेल दिया जाएगा। पहले प्रत्येक पात्र राशन कार्ड पर दो लीटर कच्ची घानी सरसों तेल 100 रुपये में उपलब्ध कराया जाता था। हालांकि, नई व्यवस्था में तेल की बिक्री दर अभी निर्धारित नहीं हुई है।

104 लाख लीटर तेल

इसी बीच विभाग ने अगस्त के लिए 30 लाख लीटर और सितंबर तथा अक्टूबर के लिए 37-37 लाख लीटर तेल की व्यवस्था की है। हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड सीलबंद बोतलों में तेल उपलब्ध कराएगा। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार, 15 से 20 अक्टूबर के बीच डिपो तक आपूर्ति पहुंचनी है। नियमित व्यवस्था में हर महीने की पहली तारीख से तेल वितरण शुरू होगा। गुणवत्ता की जांच के लिए जिला स्तर पर समितियां रहेंगी।

कमीशन की मांग

ऑल राशन डिपो होल्डर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार ने प्रत्येक तेल वितरण पर कम से कम पांच रुपये कमीशन देने की मांग की है। उन्होंने कमीशन समय पर नहीं मिलने पर हड़ताल की चेतावनी भी दी है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.