भिवानी | हरियाणा की बेटियां पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। खासकर प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना देखने वाली युवतियां मेहनत के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर रही हैं। इसी बीच भिवानी की रहने वाली रेणु ग्रेवाल ने हरियाणा सिविल सर्विसेज परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।

रेणु ग्रेवाल ने हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित HCS परीक्षा में प्रदेशभर में 9वीं रैंक हासिल की है। यह सफलता उन्हें तीसरे प्रयास में मिली है। परिणाम आने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है और परिचित उन्हें बधाई दे रहे हैं।
तीसरे प्रयास में हासिल की सफलता
रेणु ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 से सिविल सर्विसेज की तैयारी को गंभीरता से लेना शुरू किया था। इससे पहले वह दो बार परीक्षा दे चुकी थीं, लेकिन उस दौरान उनकी तैयारी उतनी मजबूत नहीं थी। पिछली गलतियों से सीख लेते हुए उन्होंने पढ़ाई पर अधिक ध्यान दिया और तीसरे प्रयास में 9वां स्थान हासिल कर लिया। रेणु ने अपनी तैयारी के शुरुआती दौर में दिल्ली में एक साल कोचिंग ली थी। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से मास्टर्स की पढ़ाई करते हुए उन्होंने सेल्फ स्टडी जारी रखी। वहीं, पिछले करीब डेढ़ साल से वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया की रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।
UPSC पास करना लक्ष्य
HCS परीक्षा में सफलता मिलने के बाद भी रेणु अपनी तैयारी जारी रखना चाहती हैं। उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास करना है। रेणु ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया है। उनके अनुसार, तैयारी के दौरान परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन से उन्हें लगातार आगे बढ़ने की हिम्मत मिली।