चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी नौकरी कर रहे कई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सामने अपने काडर को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। खासकर कर्मचारियों को यह चिंता थी कि काडर बदलने पर उनकी वरिष्ठता प्रभावित हो सकती है। अब सरकार ने इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए कर्मचारियों को दोबारा ऑप्शन चुनने का अवसर दिया है।

हरियाणा सरकार ने विज्ञापन संख्या 4/2018 के तहत चयनित ग्रुप डी कर्मचारियों के लिए काडर विकल्प पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। पात्र कर्मचारी 30 अक्टूबर तक अपना विकल्प दर्ज कर सकेंगे।
पहले क्यों बंद हुआ था पोर्टल?
मानव संसाधन विभाग ने 17 जुलाई को पोर्टल शुरू किया था। इसमें कर्मचारियों को कॉमन काडर में बने रहने या संबंधित विभाग के सेवा नियमों के अंतर्गत आने का विकल्प दिया गया था। हालांकि, 15 अगस्त को पोर्टल बंद हो गया। इस दौरान वरिष्ठता समाप्त होने संबंधी संदेश के कारण कई कर्मचारी सही निर्णय नहीं ले सके। सरकार के अनुसार, कॉमन काडर में रहने वाले कर्मचारियों की वरिष्ठता एचएसएससी की संयुक्त मेरिट सूची के आधार पर तय होगी। वहीं, 24 जून 2019 को मिले एकमुश्त विभाग परिवर्तन के अवसर के तहत निर्धारित विभाग को वरिष्ठता के लिए प्रारंभिक विभाग माना जाएगा।
यदि कोई कर्मचारी 2024 के सामान्य तबादला अभियान में स्थानांतरित नहीं हुआ और अपने विभाग में रहते हुए कॉमन काडर से बाहर निकलता है, तो उसकी वरिष्ठता संबंधित विभाग की चयन सूची और सेवा नियमों से निर्धारित होगी।
इन कर्मचारियों की वरिष्ठता प्रभावित
साल 2024 के सामान्य तबादला अभियान में दूसरे विभाग में पहुंचे कर्मचारी यदि वर्तमान विभाग में बने रहने का विकल्प चुनते हैं, तो वरिष्ठता के मामले में उन्हें नया नियुक्त कर्मचारी माना जाएगा। ऐसे कर्मचारियों को वर्तमान विभाग की वरिष्ठता सूची में पहले से कार्यरत कर्मचारियों के नीचे स्थान मिलेगा। वहीं, पात्र कर्मचारी recruitment.groupd.csharyana.gov.in पर जाकर 30 अक्टूबर तक ऑप्शन दर्ज कर सकते हैं।