करनाल | नवरात्र आते ही हरियाणा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ जाती है। लोग परिवार के साथ माता के दर्शन करने पहुंचते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। प्रदेश में माता मनसा देवी का एक ऐसा मंदिर भी है, जो अपनी ऊंचाई, बनावट और धार्मिक मान्यताओं के कारण श्रद्धालुओं के बीच प्रसिद्ध है। बता दें कि कैथल रोड पर नीमसार तीर्थ के प्राचीन घाट के पास माता मनसा देवी का 111 फीट ऊंचा मंदिर बना हुआ है।

4 मंजिला इस मंदिर में नौ शिवालय भी हैं। नवरात्र के दौरान हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा राजस्थान से भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर की पहली मंजिल पर माता मनसा देवी का दरबार है। दूसरी मंजिल पर भगवान श्रीकृष्ण का द्वारिकाधीश स्वरूप विराजमान है।
नवदुर्गा के स्वरूप स्थापित
वहीं, तीसरी मंजिल पर श्रीराम दरबार और चौथी मंजिल पर नवदुर्गा के स्वरूप स्थापित हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। मनोकामना पूरी होने पर भक्त नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाने आते हैं। मंदिर की स्थापना विक्रम संवत 2014 में चैत्र शुक्ल अष्टमी को हुई थी। बताया जाता है कि ग्रामीणों ने गांव में माता का मंदिर बनाने का निर्णय लिया था। इसके बाद महंत बाबा मोती गिरी की देखरेख में हरिद्वार से माता मनसा देवी की ज्योत लाई गई और मूर्ति स्थापना की गई।
भंडारे का आयोजन
मंदिर कमेटी के प्रधान रोशन लाल गोयल के अनुसार, चैत्र और अश्विन नवरात्र में प्रतिपदा से चौदस तक भंडारा चलता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं, पुजारी दिव्य प्रसाद शास्त्री के अनुसार, नवरात्र में नियमित दुर्गा सप्तशती पाठ होता है। अष्टमी और चौदस पर दर्शन के लिए लंबी कतारें लगती हैं। करनाल और कैथल की ओर से आने वाले श्रद्धालु रोडी साहिब गुरुद्वारा चौक पर उतरकर मंदिर पहुंच सकते हैं।