झज्जर | हरियाणा की बेटियां पढ़ाई से लेकर खेल और प्रशासनिक सेवाओं तक अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में झज्जर की रहने वाली कनिका यादव ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। पहले प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास करने वाली कनिका ने अब आईपीएस प्रशिक्षण के दौरान भी शानदार प्रदर्शन कर बड़ा सम्मान हासिल किया है।

हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित 78वीं रेगुलर भर्ती की पासिंग आउट परेड में कनिका यादव को बेस्ट लेडी प्रोबेशनर का मेडल मिला है। उन्हें शारीरिक प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान दिया गया।
151 अधिकारी प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा
इस पासिंग आउट परेड में कुल 151 अधिकारी प्रशिक्षु शामिल हुए, जिनमें 16 विदेशी अधिकारी भी थे। कनिका यादव AGMUT कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता में बेहतर प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। कनिका मूल रूप से झज्जर शहर के सिलानी गेट की रहने वाली हैं। हालांकि, उनका परिवार फिलहाल दिल्ली में रहता है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में पहले ही प्रयास में देशभर में 464वीं रैंक हासिल की थी। उनके पिता नरेंद्र यादव शिक्षक रह चुके हैं, जबकि मां अनिका यादव दिल्ली में सरकारी पीजीटी शिक्षिका हैं।
नौकरी के साथ की तैयारी
कनिका की शुरुआती पढ़ाई झज्जर में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में अपनी आगे की शिक्षा पूरी की। दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने नेट परीक्षा पास की। नवंबर 2022 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज में सहायक प्रोफेसर के रूप में नौकरी शुरू की। बता दें कि नौकरी के साथ उन्होंने यूपीएससी की तैयारी भी जारी रखी। समय का सही प्रबंधन करते हुए उन्होंने पहली कोशिश में ही परीक्षा पास कर ली।