ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के 2 चौराहों पर बनेंगे अंडरपास, 8 सड़कों की बढ़ेगी चौड़ाई

गुरुग्राम | हरियाणा के ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार को लेकर तैयारियां तेज हो गई है. गुरुग्राम मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (GMRL) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के दो चौराहों पर ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए अंडरपास के निर्माण को जरूरी बताया है. 24 दिसंबर को सीएम नायब सैनी (Nayab Singh Saini) की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में इस मामले को रखा जाएगा.

underpass

यहां पर अंडरपास जरूरी

GMRL ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट पर पड़ने वाले रेजांगला चौक और बजघेड़ा चौक पर अंडरपास निर्माण को जरूरी बताया है. विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इन दोनों चौराहों पर ट्रैफिक दबाव बहुत अधिक रहता है. इन दोनों चौराहों के पास मेट्रो स्टेशन बनेंगे. ऐसे में यात्रियों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसीलिए इन चौराहों पर अंडरपास निर्माण बहुत जरूरी है. यदि मेट्रो ट्रैक बिछाने के काम से पहले इन दोनों अंडरपास के निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाए तो बहुत बेहतर रहेगा.

8 सड़कों की बढ़ेगी चौड़ाई

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट पर आने वाली 8 सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. मौजूदा समय में कई सड़क सिंगल रोड हैं. चौड़ाई कम होने के साथ- साथ इन सड़कों पर ट्रैफिक बेहद अधिक है. मेट्रो के पिलर निर्माण के दौरान खुदाई के समय दोनों तरफ की एक- एक लेन को बंद करना होगा. ऐसे में फोरलेन की इन सड़कों पर टू- लेन में ट्रैफिक का निकलना बहुत मुश्किल हो जाएगा. ऐसे में इन सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के मामले को सीएम नायब सैनी के सामने रखा जाएगा.

बख्तावर चौक पर बनेगा अंडरपास

इस मेट्रो रूट पर पड़ने वाले बख्तावर चौक पर GMDA ने पहले से ही अंडरपास निर्माण की योजना बना रखी है. ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो और अंडरपास के पिलर का निर्माण एक साथ किया जाएगा. मेट्रो पिलर खड़े करने के साथ- साथ GMDA की तरफ से अंडरपास का निर्माण किया जा सकता है. जीएमडीए ने इसकी तरफ से मंजूरी दे दी है. अब मुख्यमंत्री के समक्ष इस मामले को रखा जाएगा.

यह भी पढ़े -  खुशखबरी: गुरुग्राम से IMT मानेसर का सफर होगा सुहाना, इस चौक पर बनेगा नया फ्लाईओवर

अलाइनमेंट होगी फ्रीज

मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में मेट्रो रूट की अलाइनमेंट को फ्रीज किया जाएगा. अलाइनमेंट को फ्रीज करने से पूर्व सभी विभागों के उच्चाधिकारियों से उनके तर्क लिए जाएंगे. मौजूदा समय में GMRL की योजना करीब 28.50 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट पर अधिकांश पिलर का निर्माण सड़क के बीच में करने की योजना है.

ओल्ड गुरुग्राम में साढ़े 28 किलोमीटर लंबा मेट्रो का नया रूट बनाया जाएगा और इसपर 27 स्टेशन बनेंगे. इस प्रोजेक्ट पर 5452 करोड़ रुपए अनुमानित लागत राशि खर्च होने का अनुमान है. ये मेट्रो मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप से शुरू होगी, जो हीरो होंडा चौक, सेक्टर- 9- 9A आदि से होते हुए शंकर चौक स्थित DLF साइबर सिटी के पास जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.