रोहतक | मणिपुर में हुए नक्सली हमले में हरियाणा के रोहतक जिले का जवान शहीद हो गया, जिसकी सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. उनका पार्थिव शरीर मंगलवार यानि आज गांव में पहुंचेगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
18 साल पहले हुए थे भर्ती
रोहतक के गांव किलोई निवासी 45 वर्षीय सुनील पहलवान करीब 18 साल पहले BSF में भर्ती हुए थे. सुनील को बचपन से ही पहलवानी का शौक था और अच्छी तैयारी करते हुए उन्होंने बीएसएफ में नौकरी हासिल की थी. फिलहाल, उनकी पोस्टिंग मणिपुर में थी. सुनील 15 दिन पहले ही अपनी छुट्टी खत्म कर वापस ड्यूटी पर गया था.
22 दिसंबर को परिवार के सदस्यों को सूचना मिली कि नक्सली हमले में सुनील शहीद हो गया है. सूचना के अनुसार, सुबह के समय वह ड्यूटी पर था और इसी दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया जिसमें सुनील पहलवान शहीद हो गया. उनकी शहादत की खबर गांव में पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया है. शहीद जवान सुनील पहलवान 2 बेटियों के पिता थे. उनकी शहादत की खबर सामने आने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदना
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “किलोई के वीर सपूत सुनील पहलवान (BSF) की मणिपुर में शहादत की खबर से मन व्यथित है. कर्तव्य पालन करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीद को सादर श्रद्धांजलि व उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.”
किलोई के वीर सपूत सुनील पहलवान (BSF) की मणिपुर में शहादत की खबर से मन व्यथित है।
कर्तव्यपालन करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीद को सादर श्रद्धांजलि व उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। pic.twitter.com/BDttZ32Jls
— Bhupinder S Hooda (@BhupinderShooda) December 23, 2024
