गुरुग्राम | हरियाणा की साईबर सिटी गुरुग्राम में मेट्रो (Gurugram Metro) विस्तार से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि शहर के लोगों को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर से रेलवे स्टेशन, सैक्टर- 22 व साइबर सिटी के बीच मेट्रो विस्तारीकरण को मंजूरी प्रदान की है. इस प्रोजेक्ट पर कुल 5452.72 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
CM की अध्यक्षता में बैठक
मंगलवार को सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर से रेलवे स्टेशन, सेक्टर-22 व साइबर सिटी के बीच मेट्रो विस्तारीकरण के संबंध में एक बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह व पूर्व विधायक बिमला चौधरी सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे.
साल 2025 में शुरू होगा काम
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गुरुग्राम में मेट्रो विस्तारीकरण का निर्माण कार्य आगामी 1 मई 2025 से शुरू कर दिया जाएगा. इस काम को चार साल में पूरा कर लिया जाएगा. इस संबंध में सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो के कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए. इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों को किसी तरह की असुविधा ना झेलनी पड़े और यातायात सुचारू रूप से जारी रहें, इस संबंध में बेहतरीन योजना बनाई जाएं.
28 किलोमीटर लंबी लाइन पर बनेंगे 27 स्टेशन
मीटिंग के दौरान अधिकारियों ने सीएम को अवगत कराया कि इस परियोजना के अंतर्गत मीडियम मेट्रो को स्थापित किया जाएगा तथा यह स्टेंण्डर्ड गेज पर संचालित होगी. यह मेट्रो कम्यूनिकेशन बेसड ट्रेन कंट्रोल सिग्नल पर आधारित होगी तथा अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. वहीं, मेट्रो विस्तारीकरण के निर्माण के दौरान 5 अंडरपास और फ्लाईओवर भी बनाए जाने हैं.
बैठक में बताया गया कि 28.50 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो रेल लाईन पर कुल 27 स्टेशन होंगें तथा एक डिपो भी निर्मित किया जाएगा. जिसमें से 8 स्टेशन मॉडल स्टेशन होंगे. इस परियोजना के तहत डिपो तैयार करने के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने तथा पहले सिविल पैकेज (मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर- 9 तथा सेक्टर- 101 द्वारका, लगभग कुल लंबाई 13 किलोमीटर) के लिए 31 जनवरी, 2025 तक टेंडर मंगवाए जाएंगेे. इसी प्रकार, दूसरे सिविल पैकेज (सेक्टर- 9 से साइबर सिटी, लगभग 13 किलोमीटर) के लिए 15 फरवरी 2025 तक टेंडर मंगवाए जाएंगें.
