चंडीगढ़ | हरियाणा के पांच बार के मुख्यमंत्री रह चुके इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओम प्रकाश चौटाला की अस्थि कलश यात्रा निकल जाएगी, जोकि तीन दिनों में प्रदेश के सभी 22 जिलों को कवर करेगी. इसके लिए शेड्यूल जारी किया गया है. 27 दिसंबर से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के तीर्थ स्थलों पर भी जाएगी.
सभी 22 जिलों के लिए तैयार करवाए कलश
इस विषय में जानकारी देते हुए आईएनएलडी के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल माजरा ने बताया कि जो लोग किसी कारणवश अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पाए थे, उनके लिए सभी जिलों में अस्थि कलश यात्रा निकाली जाएगी, ताकि वो लोग भी चौधरी साहब को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें. बता दें कि प्रदेश के सभी 22 जिलों के लिए 22 कलश तैयार करवाए गए हैं, जिन्हें सभी जिलों में विसर्जित किया जाएगा. यह यात्रा 27 दिसंबर को फतेहाबाद से शुरू होकर हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ होते हुए रेवाड़ी पहुंचेगी.
ये रहेगा कार्यक्रम
28 दिसंबर को गुरुग्राम से शुरू होकर फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर, रोहतक होते हुए सोनीपत पहुंचेगी. इसी क्रम में यह यात्रा 29 दिसंबर को पानीपत से शुरू होकर जींद, कैथल, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी. 31 दिसंबर को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद पुष्कर, आनंदपुर साहिब और प्रयागराज में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा. इस यात्रा में आदित्य, देवीलाल, कर्ण चौटाला और अर्जुन चौटाला मौजूद रहेंगे.
