गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो विस्तारीकरण के तहत मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य के लिए सर्वे का काम शुरू हो गया है. वीरवार की सुबह डिजाइन सलाहकार कंपनी सिस्टा के साथ गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL), गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के अधिकारियों ने 3 मेट्रो स्टेशन के निर्माण में आ रही अड़चनों का निरीक्षण करते हुए इसके समाधान के बारे में चर्चा की.
कंपनी का सर्वे कार्य शुरू
सिस्टा कंपनी ने मेट्रो स्टेशन के निर्माण की जगह का चयन करने के साथ- साथ पानी, सीवर और बरसाती नालों के स्थानांतरण को लेकर अधिकारियों से विचार- विमर्श किया. अधिकारियों ने सलाहकार कंपनी के अधिकारियों को पानी, सीवर और नालों के निकलने से जुड़ी जानकारी दी, जिसको लेकर इसपर मार्किंग की गई.
टीम ने सेक्टर- 45 और साइबर पार्क में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया. मेट्रो का निर्माण शुरू करने से पहले मिलेनियम सिटी की 8 मुख्य सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. वहीं, शनिवार को इस सर्वे के तहत बख्तावर चौक पर प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का सर्वे किया जाएगा. अंडरपास के ऊपर मेट्रो स्टेशन तैयार किया जाएगा. ऐसे में इसके पिलर एक होंगे.
15 दिन में पूरा होगा सर्वे
ओल्ड गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार को लेकर मंगलवार को सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में GMRL के प्रबंध निदेशक को 1 मई 2025 से मेट्रो संचालन का काम शुरू करने के आदेश दिए थे.
GMRL के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने मुख्यमंत्री को बताया था कि जनवरी महीने में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर- 9 व सेक्टर- 101 तक मेट्रो लाइन के टेंडर को आमंत्रित किया जाएगा.
GMRL के एक अधिकारी ने बताया कि 28.5 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 27 स्टेशन बनेंगे. उन्होंने बताया कि 15 दिन के भीतर सर्वे कार्य पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद, अलाइनमेंट को अंतिम रूप दिया जाएगा. इस मेट्रो रूट निर्माण कार्य पर करीब 5,452 करोड़ रूपए खर्च होने का अनुमान जताया गया है.
