हिसार | ट्रैफिक जाम से हिसार शहर को निजात दिलाने के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. हाल ही में शहर को सुर्य नगर रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिली है और अब एक और रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. बता दें कि सातरोड के पास साउथ बाईपास स्थित हिसार- रेवाड़ी रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम इसी साल अप्रैल महीने में पूरा होने की उम्मीद है.
शहर से घटेगा ट्रैफिक दबाव
इस रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से शहर में आने वाले बड़े वाहनों का दबाव दिल्ली सड़क मार्ग से हट जाएगा. राजस्थान की ओर जाने वाले बड़े वाहन इस रेलवे ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हुए बाहर से ही सीधे बाईपास निकल जाएंगे. वहीं, तोशाम रोड पर जाने वाले भारी वाहन भी इस रेलवे ओवरब्रिज की बदौलत साउथ बाईपास से होते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच जाएंगे.
इसके शुरू होने से जिंदल पुल पर ट्रैफिक दबाव कम होने से जाम की स्थिति से छुटकारा मिलेगा. इसके निर्माण से साउथ बाईपास से रोजाना आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों को फायदा पहुंचेगा. बड़ी संख्या वाहन इस रेलवे ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हुए शहर की भीड़- भाड़ से दूर अपने गंतव्य स्थान तक आसानी से पहुंच सकेंगे. हिसार शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में यह रेलवे ओवरब्रिज वरदान साबित होगा.
दुष्यंत चौटाला ने किया था शिलान्यास
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने इस रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास किया था. 658 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण कार्य पर 31.10 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. सड़क की चौड़ाई 11 मीटर रहेगी. इसके दोनों तरफ 3- 3 मीटर की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी. इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा करने की डेडलाइन फरवरी 2025 रखी गई है. रेलवे पोर्सन पर गार्डर रखने का काम बाकी है, जिसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा.
