हांसी में सरेआम गुंडागर्दी, युवकों के दो गुटों के बीच जमकर चलें लाठी-डंडे

हिसार | हांसी शहर की रुपनगर कालोनी में रविवार शाम दो गुटों में जमकर लाठी -डंडे व लोहे की रॉड चली. आपसी झगड़े में कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. एक गुट के युवक हमला करने के बाद घायल अवस्था में ही मौके से फरार हो गए. उत्पात मचाते हुए युवकों ने एक दूसरे के मोटरसाइकिलों को भी बुरी तरह से तोड़ दिया है. पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.

hisar dabang

जानकारी के अनुसार रुपनगर कालोनी की एक नंबर गली में रविवार शाम कुछ बाहरी कालोनी के युवक घुम रहे थे. आसपास के लोगों ने बताया कि किसी बात को लेकर देखते ही देखते वे आपस में भिड़ गए. करीब तीन मोटरसाइकिलों पर 6-7 युवक सवार थे. युवकों ने एक दूसरे पर लोहे की रॉड व लाठी-डंडो से हमला कर दिया. एक युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. गली में युवकों की सरेआम गुंडागर्दी से इलाके में दहशत फैल गई व लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शरारती तत्त्व वहां से भाग चुके थे. पुलिस ने घायल युवक को फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां से युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया. घायल युवक की पहचान हनुमान कालोनी निवासी तेजु के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त हालत में दो मोटरसाइकिलों को कब्जे में लिया. पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लिया ताकि युवकों की पहचान की जा सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.