गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम के निवासियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि द्वारका एक्सप्रेसवे से IMT मानेसर तक की सड़क का पुननिर्माण किया जाएगा. गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने साढ़े 5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए एक कंपनी को टेंडर आवंटित किया है. इसके निर्माण पर लगभग साढ़े 49 करोड़ रूपए लागत आएगी.
15 महीने में बनकर होगी तैयार
इस सड़क पर 3 लेन की मुख्य सड़क के साथ- साथ टू- लेन की सर्विस रोड, फुटपाथ और बरसाती नाले का निर्माण किया जाएगा. टेंडर की शर्तों के मुताबिक, निर्माण कंपनी को 15 महीने में इस प्रोजेक्ट को पूरा करना होगा. सड़क निर्माण के बाद 4 साल तक सड़क की देखरेख की जिम्मेदारी भी कंपनी की ही रहेगी. इस सड़क के निर्माण से IMT मानेसर तक आवाजाही बेहद सुगम हो जाएगी.
वर्तमान में यह सड़क बिल्कुल खस्ताहाल में पहुंच चुकी है. इस सड़क से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन आवागमन करते हैं. IMT मानेसर में जाने वाले कर्मचारियों को इस सड़क पर सफर के दौरान काफी मुश्किल झेलनी पड़ती है. पीक आवर्स के दौरान इस सड़क मार्ग पर भयंकर ट्रैफिक जाम से रूबरू होना पड़ता है. ये मुख्य सड़क सेक्टर- 84 से लेकर सेक्टर- 91 तक कुल 8 सेक्टरों को विभाजित करती है.
NH- 48 से घटेगा ट्रैफिक दबाव
मौजूदा समय में इस सड़क के खस्ताहाल होने की स्थिति में वाहन चालक IMT मानेसर जाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे से रामपुरा रोड होते हुए दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर चढ़ जाते हैं. ऐसे में इस सड़क के चकाचक होने से लोगों को NH- 48 पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे इस हाइवे से ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी.
