गुरुग्राम | हरियाणा की साईबर सिटी गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास हो रहे हैं. इसी कड़ी में शहर के वाटिका चौक से दिल्ली- जयपुर हाईवे (NH48) तक सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) तक सिक्स लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. इस संबंध में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए एक सलाहकार नियुक्त किया जाएगा.
दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंच होगी आसान
GMDA ने इस संबंध में प्रकिया शुरू कर दी है. सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के बीच स्थित वाटिका चाैक से दिल्ली- जयपुर हाईवे तक सड़क का सुधार होगा तथा इसके ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण होगा. इसके साथ ही, वाटिका चौक पर इंटरचेंज बनाकर गुरुग्राम- सोहना एलिवेटेड हाईवे से दिल्ली- जयपुर तथा द्वारका एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी दी जाएगी. इससे दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान हो जाएगी.
वर्तमान में इस सड़क मार्ग पर चार जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल है. इसके अलावा, ट्रैफिक दबाव रहने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली- जयपुर हाइवे से SPR की कनेक्टिविटी तो कर दी गई है, लेकिन आगे वाटिका चौक पर गुरुग्राम- सोहना हाईवे एलिवेटेड हाेने के कारण यह कनेक्ट नहीं है.
ऐसे में वाहन चालकों को सोहना एलिवेटेड हाइवे पर पहुंचने के लिए सुभाष चौक तक भाग- दौड़ करनी पड़ती है. नए एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से शहर के वाटिका चौक, सुभाष चौक और राजीव चौक पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी और लोग नए कॉरिडोर का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान तक आसानी से पहुंच सकेंगे.
SPR की होगी मरम्मत
9.65 करोड़ रूपए की लागत से सदर्न पेरिफेरल रोड (DPR) का वाटिका चौक से दिल्ली- जयपुर हाईवे तक पुननिर्माण किया जाएगा. इस सड़क का सुधार होने पर ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलने की उम्मीद है.
750 करोड़ रूपए की लागत से वाटिका चौक से दिल्ली- जयपुर हाईवे तक एलिवेटेड कारिडोर का निर्माण किया जाएगा. DPR तैयार करने के लिए सलाहकार की नियुक्ति की जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर इसी साल काम शुरू होगा और 2 साल में इसके पूरा होने की उम्मीद है- अरुण धनखड़, मुख्य अभियंता, GMDA
