सोनीपत | अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत, केंद्र की मोदी सरकार देशभर में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प करने में जुटी हुई है. इसी कड़ी में हरियाणा के सोनीपत और गोहाना रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. इन दोनों रेलवे स्टेशनों पर रेलयात्रियों को बहुत जल्द आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा. दोनों स्टेशनों पर भवन निर्माण कार्य लगभग 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है.
44 करोड़ रूपए खर्च
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत, सोनीपत रेलवे स्टेशन पर 29 करोड़ और गोहाना स्टेशन पर 15 करोड़ रूपए की लागत राशि से काम हो रहा है. दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आधुनिकता के हिसाब से सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं. रेलवे ने दोनों स्टेशनों पर निर्माण कार्य इसी साल मार्च महीने तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है. सोनीपत स्टेशन पर 600 वर्ग मीटर में बनने वाले एक मंजिला भवन में एक साथ कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
रेलयात्रियों के लिए वेटिंग रूम, सुविधाजनक बुकिंग कार्यालय, फूड प्लाजा, व्यवसायिक केंद्र, कोच गाइडेंस सिस्टम, दिव्यांग लोगों की सुविधा के लिए प्रवेशद्वार पर रैंप, शौचालय, जल बूथ व आधुनिक शेड की सुविधा होगी. सभी प्लेटफॉर्म पर स्वचालित सीढिय़ां लगाने के साथ प्लेटफार्म नंबर- 1 व 2 पर लिफ्ट की सुविधा मिलेगी. दूसरे फुटओवर ब्रिज की सुविधा भी मिलेगी. इसका निर्माण कार्य पूरा होने पर भारी भीड़ की स्थिति होने के बावजूद भी रेलयात्री एक से दूसरे प्लेटफार्म पर आसानी से आवाजाही कर सकेंगे.
गोहाना स्टेशन पर मिलेगी ये सुविधाएं
गोहाना स्टेशन पर सुविधाओं का जिक्र करें तो यहां दो लिफ्ट, आधुनिक शेड, ऊंचा प्लेटफार्म बनाने के साथ एक और फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. पार्किंग विस्तार के साथ- साथ स्टेशन परिसर में पौधे लगवाकर सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा. सुविधाजनक बुकिंग कार्यालय और वेटिंग रूम बनाया जा रहा है. प्लेटफार्म की सतह को ऊंचा करने के साथ प्लेटफ़ार्म नंबर 1 व 2 पर लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
दोनों प्लेटफार्म पर 40- 40 मीटर के चार आधुनिक शेड लगवाने के साथ- साथ एक दर्जन वाटर बूथ स्थापित करवाएं जाएंगे. इन आधुनिक सुविधाओं के उपलब्ध होने से दोनों स्टेशनों पर आवाजाही करने वाले हजारों रेलयात्रियों को फायदा पहुंचेगा.
