हिसार | लाल डोरे के 1441 भू- स्वामियों को स्वामित्व योजना का लाभ देने की प्रक्रिया के तहत हरियाणा के हिसार जिले के सातरोड में नगर निगम की टीम ने 2 दिवसीय शिविर का आयोजन किया. इस दौरान 56 से अधिक आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनकी सुनवाई और समस्याओं का समाधान के लिए संबंधित भू- स्वामियों को नगर निगम बुलाया गया था.
आपत्तियों पर हुई सुनवाई
नगर निगम के सभागार में उप- निगम आयुक्त वीरेंद्र सहारण ने आपत्ति दर्ज कराने पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. यह प्रक्रिया आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी और नगर निगम की तरफ से निर्धारित समय पर सभी आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा. बता दें कि इस दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री हिसार में थे, जिस कारण अधिकारी व्यस्त रहे, लेकिन भविष्य में इन आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी.
अटकी फाइलें का हो रहा निपटारा
लाल डोरे में रहने वाले भू- स्वामियों को स्वामित्व योजना का लाभ देने की प्रक्रिया काफी समय से अटकी हुई थी. अब वर्तमान निगमायुक्त के आदेशों के बाद इस योजना पर तेजी से काम शुरू किया गया है. 11 दिसंबर 2024 को निगम कार्यालय के बाहर भू- स्वामियों की लिस्ट लगाई गई थी. इसके बाद, शिविरों के माध्यम से ऐसे लोगों की आपत्तियां ली गई.
प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत, लंबे समय से काबिज भू- स्वामियों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिया जाता है. ऐसे लोगों से एक निर्धारित राशि वसूलकर उन्हें स्वामित्व प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते हैं और उन्हें उनकी ज़मीन का कानूनी मालिकाना हक दिया जाता है.
