रोहतक | इस साल होने वाली विजय परेड में प्रो कबड्डी लीग की चैंपियन टीम ‘हरियाणा स्टीलर्स’ जलवा बिखेरती नजर आएगी. बता दें कि टीम ने 29 दिसंबर को हुए फाइनल मुकाबले में तीन बार के चैंपियन पटना पाइरेट्स को 32- 23 के अंतर से हराकर पहला प्रो कबड्डी लीग का खिताब अपने नाम किया था. जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सीओओ दिव्यांशु सिंह ने लीग में बेहतरीन प्रदर्शन पर कहा कि यह जीत खिलाड़ियों के टीम वर्क और दृढ़ संकल्प से हांसिल हुई है.
11 जनवरी को निकलेगी परेड
इस जीत का जश्न मनाने के लिए शनिवार 11 जनवरी को सुबह 10:30 बजे जिंदल ओवरब्रिज से विजय परेड की शुरुआत की जाएगी, जिसका समापन शाम 4:00 बजे रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में होगा. इस भव्य आयोजन में विधायक सावित्री जिंदल, जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल और सीओओ दिव्यांशु सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
कबड्डी अकादमी की होगी स्थापना
हरियाणा स्टीलर्स के हेड कोच मनप्रीत सिंह, कप्तान जयदीप दहिया, उप कप्तान राहुल सेठपाल के साथ सहायक कोच नीर गुलिया तथा टीम के खिलाड़ी साहिल, विनय तेवतिया, शिवम अनिल पटारे, विशाल शिवशंकर टाटे, विकास रामदास जाधव, नवीन, संस्कार मिश्रा, घनश्याम, आशीष गिल और संजय विजय भी परेड में भाग लेंगे. परेड के समापन के बाद जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स एमडीयू के साथ मिलकर एक अत्याधुनिक कबड्डी अकादमी की स्थापना की आधारशिला रखेगा. इस अकादमी में युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दी जाएगी.
