कुरूक्षेत्र | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित पशु मेले में हिसार से पहुंचा युवराज का साढ़े 4 साल का बेटा धर्मेंद्र (भैंसा) आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. साढ़े 5 फीट ऊंचे धर्मेंद्र की खूबसूरती हर किसी के मन को मोह रही है. धर्मेंद्र इससे पहले महेन्द्रगढ़ के पाली और पुष्कर के पशु मेले में अपना जलवा बिखेर चुका है.
लाखों रूपए लगी कीमत
धर्मेंद्र भैंसा के मालिक धर्मवीर ने बताया कि पंजाब में लगने वाले पशु मेले में भी वह इसे लेकर पहुंचेंगे. उन्होंने बताया कि इसके सीमन को लेकर भी किसान उत्सुक रहते हैं, ताकि भविष्य में पशुओं की नस्लें सुधारी जा सकें. धर्मेंद्र को खरीदने के लिए 50 लाख रूपए कीमत लग चुकी है लेकिन धर्मवीर की मांग 1 करोड़ रूपए है.
हैरान करने वाली खुराक
हिसार जिले के गांव बास बादशाहपुर निवासी धर्मवीर ने बताया कि धर्मेंद्र के रखरखाव से लेकर खुराक पर विशेष ध्यान दिया जाता है. इसकी खुराक में विशेष चारे के साथ रोजाना 10 किलोग्राम गाजर, फल, 5 लीटर दूध, पांच किलोग्राम दही के अलावा चना, मक्का, मेथी, आदि खिलाया जाता है. इसके अलावा, रोजाना 5 किलोमीटर की सैर कराई जाती है.
पशुपालन का शौक
धर्मवीर ने बताया कि खेती के साथ- साथ शुरुआत से ही उसे पशुपालन का शौक रहा है. उनके पास मुर्रा नस्ल की भैंसें भी है और उन्हें भी वह पशु मेले में प्रतियोगिता के लिए लेकर आते हैं. वे अपने बच्चों की तरह पशुओं का ख्याल रखते हैं, क्योंकि पशुपालन ही उनके और उनके परिवार के लिए रोजी- रोटी कमाने का जरिया है.
