गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की तैयारियां तेज हो गई है. इस कॉरिडोर पर बीच में आ रहे सात चौराहों पर अंडरपास और फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इन चौराहों से प्रति घंटा 7 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं और भविष्य में यहां ट्रैफिक दबाव और बढ़ने की ही संभावना है. इसलिए इनके ऊपर फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण जरूरी है.
GMDA ने कराया अवगत
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने इन चौराहों की मौजूदा स्थिति से गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को अवगत करा दिया है. ऐसे में अब इन चौराहों पर अंडरपास- फ्लाईओवर और मेट्रो पिलर का एक साथ डिजाइन तैयार किया जाएगा.
इन जगहों पर बनेंगे फ्लाईओवर- अंडरपास
GMDA ने बख्तावर चौक, उमंग भारद्वाज चौक, रेलवे रोड पर बाबा प्रकाशपुरी चौक (लेबर चौक), शीतला माता रोड पर भगत सिंह चौक, कृष्णा चौक, रेजांगला चौक के अलावा उद्योग विहार के समीप पालम विहार रोड और ओल्ड दिल्ली रोड के जुड़ाव पर अंडरपास या फिर फ्लाईओवर निर्माण की जरूरत बताई है.
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट
28.8 किलोमीटर लंबे इस रूट को ओल्ड सिटी से उद्योग विहार के रास्ते साइबर सिटी के पास हाइवे पर रैपिड मेट्रो से कनेक्ट किया जाएगा. इस पर 27 ऐलिवेटिड मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित है. 2017 में इसका प्लान तैयार किया गया था. इस प्रॉजेक्ट पर खर्च होने वाली रकम का 50 फीसदी GMRL और 50 फीसदी खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी. ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट पर करीब 5452 करोड़ रुपये का खर्च आएगा.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशनों
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के तहत, सेक्टर- 45, साइबर पार्क, सेक्टर- 47, सुभाष चौक, सेक्टर- 48, सेक्टर- 72A, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार Phase- 6, सेक्टर- 10, सेक्टर- 37C, बसई, सेक्टर- 101, सेक्टर- 9, सेक्टर- 7, सेक्टर- 4, सेक्टर- 5, अशोक विहार, सेक्टर- 3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर- 23A, सेक्टर- 22, उद्योग विहार Phase- 4, उद्योग विहार Phase- 5, साइबर सिटी में स्टेशन बनाए जाएंगे.
