फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद की जनता के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां तिगांव विधानसभा क्षेत्र में आगरा नहर सेक्टर-8 से गांव घरोड़ा तक एमआईटीसी मुख्य चैनल के उपलब्ध आरओडब्ल्यू के भीतर फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा. इसके निर्माण पर 81 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस संबंध में अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है.

कई गांवों को मिलेगा फायदा
मिली जानकारी के अनुसार मंझावली गांव में यमुना नदी पर पुल निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसके निर्माण के बाद फरीदाबाद- मंझावली रोड पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आंशका जताई गई है जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है क्योंकि यह सड़क मार्ग कई गांवों से होकर गुजरता है.
इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए एमआईटीसी की भूमि का उपयोग फरीदाबाद को मंझावली और नोएडा से गांव घरोड़ा के माध्यम से जोड़ने के लिए नई सड़क के विकास के लिए किया जा सकता है और ये विभिन्न गांवों यानि मिर्जापुर, नीमका, तिगांव, भैंसरावली, रायपुर कलां और घरोड़ा आदि के लिए बाईपास के रूप में भी काम करेगी.
गांवों को शहरों से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
इन गांवों को मौजूदा सड़कों के नेटवर्क के माध्यम से प्रस्तावित कॉरिडोर से भी कनेक्टिविटी दी जाएगी. इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तिगांव विधानसभा क्षेत्र में खाली एचएसएमआईटीसी चैनल नंबर- 1 पर नई सड़क का प्रस्ताव है. प्रस्तावित सड़क डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से होकर गुजरती है और वर्तमान में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर में 2 मीटर और 3 मीटर चौड़ाई वाले 2 वीयूपी प्रदान किए गए हैं.
वहीं, फोरलेन सड़क निर्माण के लिए यहां प्रत्येक 9 मीटर चौड़ाई के न्यूनतम 2 वीयूपी की आवश्यकता होगी. साथ ही मामले में आगे बढ़ने से पहले सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की 30 हेक्टेयर भूमि को सरकारी विभागों के बीच भूमि हस्तांतरण के लिए 2021 की मौजूदा नीति के अनुसार पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) को हस्तांतरित किया जाना आवश्यक होगा.