हरियाणा में जलेगा 221 फीट ऊंचा रावण, बनाने में खर्च हुए 34 लाख रुपये

पंचकूला | दशहरे का त्योहार आते ही हरियाणा में जगह-जगह रावण के पुतले तैयार होने लगते हैं लेकिन इस बार पंचकूला में कुछ अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। यहां इतना विशाल रावण तैयार किया गया है कि इसे खड़ा करने के लिए भारी क्रेन की मदद लेनी पड़ेगी। इस आयोजन को लेकर ट्राईसिटी के लोगों में भी खासा उत्साह है। बता दें कि पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित शालीमार ग्राउंड में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है।

Panchkula 221 Feet Ravana

आयोजकों के अनुसार, यह देश के सबसे ऊंचे रावण पुतलों में शामिल है। 20 अक्टूबर को प्रस्तावित विजयदशमी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रिमोट कंट्रोल से इसका दहन करेंगे।

क्रेन से खड़ा होगा रावण

इस विशाल पुतले को अंबाला के बराड़ा निवासी तेजेंद्र चौहान और उनकी टीम ने करीब तीन महीने 15 दिन की मेहनत से तैयार किया है। 17 अक्टूबर को 200 टन क्षमता वाली क्रेन और मजदूरों की सहायता से इसे खड़ा करने की तैयारी है। पुतले के निर्माण पर करीब 34 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है। इसमें लोहा, बांस और वेलवेट कपड़े का इस्तेमाल हुआ है।

55 फीट का मुकुट

रावण का चेहरा फाइबर ग्लास से तैयार किया गया है। इसकी लंबाई 25 फीट और चौड़ाई 10 फीट बताई गई है। वहीं, मुकुट 55 फीट और तलवार 50 फीट लंबी है। धड़ की लंबाई 90 फीट, जबकि हाथ और पैर करीब 40-40 फीट के हैं। पूरे पुतले पर लगभग 5 हजार मीटर वेलवेट कपड़ा लगाया जाएगा। तेजेंद्र चौहान करीब 40 वर्षों से रावण के पुतले बना रहे हैं। इस बार पिछले साल के 180 फीट ऊंचे पुतले से बड़ा रावण तैयार किया गया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.